Thursday, 26 November 2026

गुरू नानक देव जी महाराज के प्रकाश पर्व पर विभिन्न क्षेत्रों में नगर कीर्तन का आयोजन


फरीदाबाद, 26 नवम्बर (रैपको न्यूज प्रतिनिधि)। फरीदाबाद में गत दिवस एनआईटी क्षेत्र व सैक्टर क्षेत्र में गुरू नानक देव जी महाराज के प्रकाश पर्व को जहां धूमधाम से मनाया गया, वहीं विभिन्न स्थानों पर आयोजित नगर कीर्तन में संगत ने शब्द कीर्तन करते हुए पंज प्यारों की अगुवाई में गुरू साहिब की आशीष ली।


शनिवार को गुरूद्वारा श्री गुरू सिंह सभा सैक्टर 15 द्वारा नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। नगर कीर्तन के दौरान जहां संगत समूह में पांच प्यारों की अगुवाई में शब्द कीर्तन करते हुए विभिन्न स्थानों से निकली, वहीं स्थान स्थान पर स्टाल लगाकर संगत का स्वागत किया गया। 



गुरूद्वारा श्री गुरू सिंह सभा सैक्टर 15 की प्रधान सरदारनी राणा कौर भट्टी, महासचिव गुरिन्द्र सिंह आहूजा सहित प्रबन्धन कमेटी के सदस्य व्यवस्था बनाने में तत्पर देखे गये। सरदारनी राणा कौर भट्टी ने गुरूपर्व पर बधाई देते हुए संगत से आहवान किया कि वे गुरू साहिबान की शिक्षाओं के अनुरूप कार्यरत रहें।



सैक्टर 7 में नगर कीर्तन के दौरान संगत में उत्साह देखा गया। गुरूद्वारा प्रबंधक समिति के प्रधान व सदस्यगण नगर कीर्तन में व्यवस्था व प्रबंध बनाने में सक्रीय रहे।


मंगलवार को गुरूद्वारा श्री गुरू सिंह सभा एन एच 1 से नगर कीर्तन आरम्भ हुआ। इससे पूर्व गुरूद्वारा साहिब में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में उद्योग प्रबंघक श्री एस एस बांगा और समाजसेवी स. बहादर सिंह सभ्रवाल को उल्लेखनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर हरियाणा कमेटी सदस्य रविन्द्र सिंह राणा भी उपस्थित रहे।

नगर कीर्तन के आरंभ अवसर पर विधायक श्री धनेश अदलक्खा सहित विभिन्न राजनीतिक व सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।


विधायक धनेश अदलक्खा ने गुरु साहिब की शिक्षा कृत करो, नाम जपो व बंट छको को सभी के जीवन में चरितार्थ करने की आवश्यकता पर बल दिया। आपने समस्त संगत को बधाई दी।

पांच प्यारों की अगुवाई में नगर कीर्तन एनआईटी के सभी क्षेत्रों से होकर निकला, जहां स्थान स्थान पर स्टाल लगाकर संगत ने नगर कीर्तन का भव्य स्वागत किया। गुरूद्वारा श्री गुरू सिंह सभा एन एच एक के प्रधान मंजीत सिंह चावला सहित उनकी टीम नगर कीर्तन के दौरान तत्पर दिखाई दी। स. मंजीत सिंह चावला ने बताया कि नगर कीर्तन को लेकर पिछले वर्षाें की तुलना में इस बार काफी उत्साह संगत में था, जिसका प्रमाण ही कहा जाएगा कि स्थान स्थान पर भारी संख्या में संगत ने न केवल नगर कीर्तन का स्वागत किया बल्कि कीर्तन में शामिल भी हुए।



एन एच 5 में गुरूद्वारा गुजरात ट्रेन से स. हरेन्द्र सिंह व उनकी टीम, गुरूद्वारा सिंह सभा के प्रधान स. एच एस माटा व टीम, गुरूद्वारा तौची सभा से प्रधान नरेन्द्र भाटिया व टीम, एन एच 3 में महेन्द्र सिंह, पी पी सिंह, एन एच 3 सी गुरुद्वारा से इन्द्रजीत सिंह व उनकी टीम, माता करमोबाई से स. दर्शन सिंह व उनकी टीम , गुरचरण सिंह चन्नी, जगपाल सिह पिंटु, भाटिया सेवक समाज, राधेश्याम भाटिया, अशोक अरोडा, कैलाश गुगलानी व उनकी टीम ने नगर कीर्तन का स्वागत किया।


नगर कीर्तन के दौरान पार्षद जसवन्त सिंह, सतपाल सिंह पाला, जितेन्द्र सिंह खालसा, हरभजन सिंह, चरणजीत सिंह चन्नी, रणजीत सिंह राणा, सन्नी सिंह भाटिया, स. सुरेन्द्र सिंह, नरिन्द्र सिंह कंग, जसमीत सिंह सिक्ख चैनल, अनिल अरोड़ा यातायात संचालित करने में सक्रीय देखे गए।



पोस्ट शेयर करें, कमेन्ट बॉक्स में कमेन्ट करें

Author:

0 comments: