Monday 10 August 2020

सैंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड ने अंगदान के महत्व से अवगत करवाया


फरीदाबाद 10 अगस्त (रैपको न्यूज़)। एन आई टी नंबर तीन फरीदाबाद के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में सैंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड, गाइडस तथा जूनियर रेडक्रॉस ने युवा सप्ताह के अंतर्गत प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा के निर्देशानुसार अंगदान के महत्व से अवगत करवाया। प्राचार्य तथा जूनियर रेडक्रॉस काउन्सलर रविन्द्र कुमार मनचन्दा ने कहा कि भारतीय कानून के अनुसार अंगों का दान कानूनी है। भारत सरकार द्वारा अधिनियमित मानव अंगों के अधिनियम 1994 के अनुसार प्रत्यारोपण, अंग दान की अनुमति देता है और मस्तिष्क की मृत्यु की अवधारणा को वैध क़रार देता है। अंग दान समाज के लिए एक चमत्कार साबित हुआ है। प्रत्यारोपण के उद्देश्य के लिए गुर्दे, यकृत, हृदय, आंख, लिवर, छोटी आंत, हड्डियों के टिश्यू, त्वचा के टिश्यू और नसों जैसे अंग दान किए जाते हैं। अंग दान करने वाला व्यक्ति इस महान कार्य के माध्यम से अंग प्राप्तकर्ता को एक नया जीवन देता है। अंग दान की प्रक्रिया को दुनिया भर में प्रोत्साहित किया जाता है। अंग दान को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न देशों की सरकार ने अलग-अलग प्रणालियों को स्थापित किया है। हालांकि उनकी आपूर्ति की तुलना में अंगों की मांग अभी भी काफी अधिक है। इस बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए। प्राचार्य और ब्रिगेड अधिकारी रविन्द्र कुमार मनचन्दा ने कहा कि अंगदान की बड़ी संख्या में जरूरत होते हुए भी भारत में हर दस लाख में सिर्फ 0.08 डोनर ही अपना अंगदान करते हैं। वहीं भारत के मुकाबले अमेरिका, इंग्लैंड, जर्मनी में 10 लाख में 30 डोनर, सिंगापुर और स्पेन में हर 10 लाख में 40 डोनर अंगदान करते हैं। इस मामले में विश्व के बहुत से देशों के मुकाबले भारत काफी पीछे है। प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा ने कहा कि ब्रेन डैड अवस्था में पीड़ित के परिवार वालों को जागरूक कर अंगदान के महत्व को बता कर अंगदान के लिए प्रेरित करना निस्संदेह चुनौतीपूर्ण है परन्तु यदि हम नियमित और स्थाई रूप से अंगदान अभियान में स्कूल, कॉलेज तथा यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले युवाओं को सम्मिलित कर ले उस अवस्था में हर घर तथा हर परिवार एवं प्रत्येक भारतवासी को अंगदान की आवश्यकता के बारे में ज्ञान देकर लाभान्वित कर पाएं तो अंगों के अभाव में असमय मृत्यु को प्राप्त हो रहे रोगियों को स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हो सकेगा। युवाओं को यह भूमिका बढ़ चढ़ कर निभानी होगी। प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा, प्राध्यापिका जसनीत कौर, कविता, प्रेमदेव यादव, संजय मिश्रा तथा अमृत कौर ने छात्राओं कोमल, रोशनी और काजल द्वारा बनाए गए अंगदान पोस्टर की प्रशंसा की और सभी को जागरूक होने के लिए प्रेरित किया।

पोस्ट शेयर करें, कमेन्ट बॉक्स में कमेन्ट करें

Author:

0 comments: