Sunday 4 April 2021

त्रिलोक सिंह गुरुद्वारा सिंह सभा सेक्टर 7 के प्रधान चुने गए



फरीदाबाद 4 अप्रैल (रैपको न्यूज़/ नरेंद्र रजनीकर)। सरदार त्रिलोक सिंह को गुरुद्वारा गुरु श्री सिंह सभा सेक्टर 7 का आगामी 2 वर्ष के लिए प्रधान चुना गया है। यहां गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चुनावों में श्री त्रिलोक सिंह को मतदान द्वारा संगत ने आगामी कार्यकाल के लिए प्रधान चुना। इसके साथ ही सरदार त्रिलोक सिंह को अधिकार दिया गया कि वह अपनी नई कमेटी की घोषणा करें।

इससे पूर्व फरीदाबाद सरब गुरुद्वारा कमेटी के महासचिव रविंदर सिंह राणा ने कहा कि गुरुद्वारा साहिब की कमेटी के चुनावों का मुख्य उद्देश्य संगत की भावनाओं के अनुरूप ऐसी टीम को जिम्मेदारी सौंपना है जो सेवा व समर्पण के कार्यों में आगे रहे और पंथ व समाज हित के कार्यों को गति प्रदान करें।

प्रबंधक कमेटी के निवर्तमान प्रधान सरदार नत्था सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि नई टीम तत्परता और सक्रियता से पंथ व सिद्धांतों के अनुरूप सेवा भावना को जारी रखेगी।

आपने कहा कि कोरोना लाक डाउन के दौरान जिस प्रकार युवा वर्ग व बुजुर्गों ने मिलकर कार्य किया, वह एक मिसाल रही।

अपने संबोधन में स. त्रिलोक सिंह ने संगत को विश्वास दिलाया कि वह व उनकी टीम एकजुटता से कार्य करेंगे और गुरुद्वारा साहिब की सेवा के साथ-साथ समाज, पंथ तथा मानव सेवा के कार्यों को गति प्रदान की जाएगी।

इस अवसर पर प्रधान पद के लिए चुनाव लड़ रहे सरदार सरबजीत सिंह राजा व बलजीत सिंह सहित संगत में मौजूद विभिन्न लोगों ने सरदार त्रिलोक सिंह को प्रधान पद चुने जाने पर बधाई दी।

इस अवसर पर चुनाव अधिकारी सर्वश्री हरविंदर सिंह, अरविंदर सिंह और मनजीत सिंह को भी चुनाव प्रक्रिया में व्यवस्था बनाए रखने के लिए आभार व्यक्त करते हुए सम्मानित किया गया।

पोस्ट शेयर करें, कमेन्ट बॉक्स में कमेन्ट करें

Author:

0 comments: