Thursday 3 September 2020

हिन्दी पखवाड़ा : वर्चुअल नारा लिखो प्रतियोगिता आयोजित



फरीदाबाद, 3 सितंबर (Repco News)। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एन एच तीन फरीदाबाद की जूनियर रेडक्रास, गाइडस और सैंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड ने संयुक्त रूप से हिन्दी पखवाड़े के अन्तर्गत ब्रिगेड तथा जूनियर रेडक्रॉस प्रभारी तथा प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा ने मातृभाषा हिन्दी के प्रचार और प्रसार के लिए शिक्षा विभाग के आदेशानुसार  आज वर्चुअल नारा लिखो प्रतियोगिता का आयोजन किया। ब्रिगेड प्रभारी प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा ने बताया कि एक सितंबर से शुरू हुए इस पखवाड़े में सुलेख प्रतियोगिता का आयोजन किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त अभी कविता गायन, पत्र लेखन, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, दृश्य व घटना वृत्तान्त सहित, स्वरचित कविता लेखन, निबंध लेखन तथा भाषण प्रतियोगिता सहित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। इस आयोजन में समस्त  हिन्दी विभाग विद्यालय प्रधानाचार्य की प्रमुख भूमिका रहने वाली हैं। रविन्द्र कुमार मनचन्दा ने बताया कि 26 जनवरी 1950 को भारतीय संविधान लागू होने के साथ साथ राजभाषा नीति भी लागू हुई। संविधान के अनुच्छेद 343 (1) के तहत यह स्पष्ट किया गया है कि भारत की राजभाषा हिंदी और लिपि देवनागरी है। संघ के शासकीय प्रयोजनों के लिए प्रयोग होने वाले अंकों का रूप भारतीय अंकों का अंतर्राष्ट्रीय रूप है। हिंदी के अतिरिक्त अंग्रेजी भाषा का प्रयोग भी सरकारी कामकाज में किया जा सकता है। अनुच्छेद 343 (2) के अंतर्गत यह भी व्यवस्था की गई है कि संविधान के लागू होने के समय से 15 वर्ष की अवधि तक, अर्थात वर्ष 1965 तक संघ के सभी सरकारी कार्यों के लिए पहले की भांति अंग्रेज़ी भाषा का प्रयोग होता रहेगा। यह व्यवस्था इसलिए की गई थी कि इस बीच हिन्दी न जानने वाले हिन्दी सीख जायेंगे और हिन्दी भाषा को प्रशासनिक कार्यों के लिए सभी प्रकार से सक्षम बनाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि आज हिन्दी ग्लोबल अर्थात वैश्विक भाषा बन चुकी है हिन्दी भाषा प्रेम और सद्भाव की प्रतीक है हिन्दी भाषा में अन्य भाषाओं के शब्दों को समाहित कर लेने की अद्भुत क्षमता है। प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा ने बताया कि अभिव्यक्ति का साधन और माध्यम ही भाषा है और विषय चाहे जो भी पढ़ना हो हम भारतवासियों को मातृभाषा हिन्दी में ही  अभिव्यक्ति सरल और सुगम लगी है। प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा ने छात्रा वंशिका, यशिका, शिवानी तथा अंशिका का वर्चुअल प्रतियोगिताओं में बढ़ चढ़ कर भागीदारी कर सहयोग करने की प्रशंसा की तथा कॉर्डिनेटर प्राध्यापिका जसनीत कौर और शीतू, कविता, मनीषा का तथा प्रेमदेव व संजय मिश्रा के सहयोग की सराहना की।

पोस्ट शेयर करें, कमेन्ट बॉक्स में कमेन्ट करें

Author:

0 comments: