Tuesday 19 March 2024

विधायिका सीमा त्रिखा को मंत्रीमंडल में मिला स्थान, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार के रूप में ली शपथ



फरीदाबाद, 19 मार्च (रैपको न्यूज़/नरेंद्र)। अंतत: फरीदाबाद की विधायिका श्रीमति सीमा त्रिखा को हरियाणा मंत्रीमंडल में मंत्री पद से नवाजा गया। श्रीमति त्रिखा के नाम की चर्चा तभी आरंभ हो गई थी जब श्री नायब सिंह सैनी ने मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। 

आज हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने श्रीमति त्रिखा को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। श्रीमति त्रिखा को हरियाणा सरकार में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार की जिम्मेवारी सौंपी गई है। 

उल्लेखनीय है श्रीमति सीमा त्रिखा का परिवार फरीदाबाद ही नहीं हरियाणा में अपनी सामाजिक प्रतिष्ठाा के लिये जाना जाता है।

राजनीति में आने से पहले श्रीमति सीमा त्रिखा गृहस्थ जीवन के साथ-साथ एक शिक्षक भी थी। वे राजनीति में आने से पहले सैक्टर-9 स्थित सैंट एंथोनी स्कूल व एन.एच.पांच स्थित सेंट जोसफ स्कूल में एक अध्यापक रही। श्रीमति त्रिखा के पति श्री अश्विनी त्रिखा व बेटी दिशा बतौर अधिवक्ता कार्यरत हैं। 

2005 में फरीदाबाद नगर निगम की पार्षद चुनी गई। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुई। उनके सक्रियता को देखते हुए उन्हें जिला महिला मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया। उसके बाद भाजपा में फरीदाबाद की जिला महामंत्री रही। 2009 में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री महेन्द्र प्रताप सिंह के सामने भाजपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा और चुनाव में पराजित हो गई। इसके बाद वर्ष 2014 में फिर से उन्हें भाजपा ने बडख़ल विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया और उन्होंने कांग्रेस के दिग्गज नेता चौ. महेन्द्र प्रताप सिंह को पराजित कर हरियाणा विधानसभा में कदम रखा। फिर उन्हें सरकार में मुख्य संसदीय सचिव का दायित्व मिला। 2019 में उन्हें तीसरी बार भाजपा ने बडख़ल विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया वे दूसरी बार विधायक बनी। इसके अलावा विधानसभा की विभिन्न कमेटियों में चेयरमैन के अलावा विभिन्न पदों पर रही। 

इधर श्रीमति त्रिखा द्वारा शपथ लेने उपरांत क्षेत्रवासियों में काफी उत्साह देखा गया। विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठनों से जुड़े लोगों का तांता उनके निवास स्थान पर देखा गया।

पोस्ट शेयर करें, कमेन्ट बॉक्स में कमेन्ट करें

Author:

0 comments: