फरीदाबाद, 3 दिसंबर (रैपको न्यूज)। दशम पातशाही श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के प्रकाश पर्व पर गुरूद्वारा श्री गुरू सिंह सभा एनएच 5 फरीदाबाद द्वारा इस वर्ष भी नगर कीर्तन का आयोजन रविवार 4 दिसंबर 2025 को किया जा रहा है।
गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान स. एच. एस. माटा व स्कूल कमेटी के चेयरमैन स. सुरजीत सिंह ने यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि नगर कीर्तन प्रात: 9.00 बजे गुरूद्वारा साहिब से आरंभ होगा जो गुरुद्वारा गुजरात ट्रेन, सलूजा पेट्रोल पंप, माताजी चौक, आर्य समाज रोड, संतो का गुरुद्वारा, गुरुद्वारा गुरु ग्रंथ साहिब, गुरुद्वारा सिंह सभा एन एच एक, गुरुद्वारा नौरंग पंचायती, गुरुद्वारा उतली तोची, गुरुद्वारा वजीरिस्तान के निकट से होता हुआ, गुरुद्वारा माता कर्मोंबाई, गुरुद्वारा एनएच 3, से होता हुआ एनएच 3 के रास्ते 4-5 चौक व मार्केट नं. 5 से होते हुए गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा एनएच 5 पहुंचेगा।
सरदार माटा ने बताया कि प्रत्येक वर्ष गुरू गोबिंद सिंह जी महाराज के प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरूद्वारा साहिब व संगत द्वारा नगर कीर्तन का आयोजन किया जाता है और नगर कीर्तन में न केवल बड़ी तादाद में संगत एकत्रित होती है बल्कि नगर कीर्तन के दौरान शब्द कीर्तन द्वारा बाणी का गुणगान किया जाता है।
सरदार सुरजीत सिंह ने बताया कि इस बार नगर कीर्तन की व्यवस्था को लेकर कुछ प्रभावी निर्णय लिए गए हैं जिसके तहत गुरुद्वारा साहिब से नगर कीर्तन प्रातः 9:00 बजे अरदास उपरांत आरंभ हो जाएगा। इसी प्रकार जगह-जगह पांच प्यारों से अरदास की बजाय वहां अरदास कराने वालों के नाम नोट कर लिए जाएगी जिसे सामूहिक रूप से गुरुद्वारा साहिब में किया जाएगा। इसके साथ ही सायंकाल जब नगर कीर्तन वापस आएगा तो बिजली शिकायत केंद्र न 5 से लेकर गुरुद्वारा साहिब तक फूलों की वर्षा की जाएगी। यही नहीं नगर कीर्तन की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ट्रेफिक एडवाइजरी भी जारी की गई है।
सरदार एच एस माटा व स. सुरजीत सिंह ने समस्त संगत से आह्वान किया है कि वह बढ़-चढ़ कर नगरकीर्तन में शामिल हों और गुरू घर की खुशियां प्राप्त करे।


0 comments: