Tuesday 29 September 2020

सैक्टर 16 में मोबाइल टावर बना परेशानी का सबब, क्षेत्रवासियों ने दर्ज कराया विरोध



फरीदाबाद, 29 सितम्बर (Repco News)। यहां सैक्टर 16 में दयानंद स्कूल के साथ व मैट्रो अस्पताल की तरफ लगाया जाने वाला टावर जहां क्षेत्रवासियों में रोष का कारण बना हुआ है वहीं इस संबंध में क्षेत्रवासियों ने नगर निगम आयुक्त, एस्टेट आफिसर हुड्डा, महापौर नगर निगम सहित मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि इस टावर को यहां लगाने की अनुमति किसी भी हाल में न दी जाए।

सैक्टर 16 निवासी स० जे पी सिंह तथा सीनियर सिटीजन व दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम से सेवानिवृत स० एस एस बांगा ने बताया कि यह टावर जहां लगाया जा रहा है उसके बिल्कुल साथ के एल महता दयानंद पब्लिक स्कूल तो है ही साथ ही गुरूद्वारा साहिब व अस्पताल है। 

सूत्रों के अनुसार स्थानीय नागरिकों ने इस संबंध में टावर लगाने वाले कर्मचारियों से काम रोकने का आग्रह किया तो वहां से उन्हें धमकियों के अलावा कुछ नहीं मिला। स्थानीय निवासियों के अनुसार टावर लगाने के लिये अपना एतराज सभी संबंधित विभागों को लिख दिया गया है ऐसे में होना यह चाहिए कि न केवल इस स्थान पर टावर की स्थापना को रोका जाए बल्कि आस-पास इसकी अनुमति न दी जाए। 

स० जे पी सिंह व स० एस एस बांगा ने बताया कि इस संबंध में सनराईज वैलफेयर एसोसिएशन ने नगर निगम प्रशासन को भी पत्र लिखकर अपना एतराज दर्ज करा दिया है। यही नहीं के एल महता दयानंद पब्लिक स्कूल ने भी नगर निगम से पत्र लिखकर आग्रह किया है कि इस टावर को लगाने की अनुमति न दी जाए।

सर्वश्री स० जे पी सिंह व एस एस बांगा के अनुसार वर्तमान में जबकि कोरोना जैसी महामारी सभी वर्गों के लिये एक बड़ी विपदा बनी हुई है और कई मानसिक व शारीरिक रोग बढ़ रहे हैं ऐसे में क्षेत्रवासियों के विरोध के बीच टावर को नहीं लगाया जाना चाहिए। विश्वास व्यक्त किया गया है कि जिला प्रशासन व नगर निगम जनभावनाओं के अनुरूप इस टावर के कार्य को न केवल रोकने के आदेश जारी करेगा बल्कि भविष्य में ऐसी अनुमति नहीं प्रदान की जाएगी।

पोस्ट शेयर करें, कमेन्ट बॉक्स में कमेन्ट करें

Author:

0 comments: