Thursday 7 May 2020

फरीदाबाद नगर निगम ने 34 अवैध आर.ओ. प्लांट के पानी कनेक्शन काटे


फरीदाबाद, 7 मई। फरीदाबाद नगर निगम के आयुक्त डा. यश गर्ग के आदेश पर निगम कर्मचारियों ने आज यहां अनेकों स्थानों पर अवैध रूप से चल रहे 34 आर.ओ. प्लांट के पानी के कनैक्शन काट दिये।  इनमें से संजय कालोनी सेक्टर-23 में 7, डबुआ कालोनी में 7, एन.एच.1 व एच. 2 में 18 और एन.एच. 5 में 2 कनैक्शनों का काटा गया है। निगमायुक्त ने कहा है कि निगम प्रशासन का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा, जिसके लिए सभी कार्यकारी अभियंताओं को  अपने-अपने क्षेत्रों में पानी के इस प्रकार से किये जा रहे दुरूपयोग को रोकने के आदेश पहले ही दिये जा चुके है।  उन्होंने चेतावनी दी है कि निगम के द्वारा एक बार अवैध कनैक्शनों का काटने के बाद यदि कोई व्यक्ति कनैक्शन दोबारा जोड़ लेता है तो संबधित संयुक्त आयुक्तों के द्वारा ऐसे व्यक्तियों के विरूद्ध एफ.आई.आर. दर्ज करवाई जायेगी।
            उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए जहां निगम प्रशासन का यह भरसक प्रयास है कि शहरवासियों को समुचित जलापूर्ति निर्बाध रूप से मिले वहीं दूसरी ओर कुछ लोग अवैध आर.ओ. प्लांट या इसी प्रकार की अन्य वाणिज्यिक गतिविधियों के लिए पीने के पानी का दुरूपयोग कर रहे हैं, जिसे व्यापक जनहित में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है।  उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन व नगर निगम प्रशासन पहले ही कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने और इस संकटकाल में जरूरतमंदों को आवष्यक सहायता पहुंचाने में लगा हुआ है, अतः ऐसी परिस्थितियों में आम नागरिक स्वयं पहलकदमी करते हुए अपने आस-पड़ोस में हो रहे पानी के दुरूपयोग की सूचना निगम प्रशासन को उसके कंट्रौल रूम के फोन नम्बर 0129-2415549 व 0129-2411664 पर दें।  उन्होंने आम नागरिकों  से यह भी अपील की है कि वे जिम्मेदारी का परिचय देते हुए पानी का अनावश्यक प्रयोग न करें, जिससे कि पहले ही कोरोना आपदा से जूझ रहे शहरवासियों के सामने पीने के पानी की समस्या उत्पन्न न होने पाये।
पोस्ट शेयर करें, कमेन्ट बॉक्स में कमेन्ट करें

Author:

0 comments: